Haryana: खेतों में लगी भीषण आग, 14 एकड़ गेहूं और 24 एकड़ बांस की फसल खाक
Haryana हरियाणा: समालखा के गांव मनाना के खेतों में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग में करीब 14 एकड़ गेहूं की खड़ी फसल और 24 एकड़ चारा जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पानीपत और समालखा से तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही पूरा इलाका धुएं और लपटों से भर गया।
ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने का कारण खेतों में लगे बिजली के खंभों से शॉर्ट सर्किट होना है। समालखा के एसडीओ और जेई भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना से किसानों में काफी रोष है। कई किसानों की मेहनत से तैयार की गई खड़ी फसल पल भर में जलकर राख हो गई। आग को फैलने से रोकने के लिए ग्रामीणों ने ट्रैक्टरों की मदद से खेतों की जुताई की और फायर लाइन को तोड़ दिया।