हरियाणा Haryana : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रौद्योगिकी इनक्यूबेशन केंद्र (कुटिक) के प्रबंधन विभाग और राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) ने पांच कंपनियों - माई बकेट स्टेज, टेरा ग्रिड टेक्नो, रेडिएंट पावर बैटरीज प्राइवेट लिमिटेड, गाला डिजिटल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड और लावेस्टा एंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. वीरेंद्र पाल ने हस्ताक्षर किए। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि इन समझौता ज्ञापनों के माध्यम से स्टार्टअप्स को आधिकारिक रूप से इनक्यूबेट किया गया है, जिससे उन्हें कुटिक की नीतियों के अनुरूप विश्वविद्यालय की सुविधाओं तक पहुंच प्राप्त करने में मदद मिलेगी। प्रोफेसर सचदेवा ने कहा कि इन समझौता ज्ञापनों के माध्यम से विश्वविद्यालय में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
रूसा के नोडल अधिकारी प्रो. प्रदीप कुमार और प्रबंधन विभाग की प्रो. अनुरेखा और प्रो. सुशील कुमार ने बताया कि माई बकेट स्टेज के माध्यम से पर्यटकों को आधुनिक आवास की सुविधा मिलेगी तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों को इस स्टार्टअप से रोजगार के अवसर मिलेंगे। टेरा ग्रिड टेक्नो के माध्यम से विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में नए शोध प्रतिमान तलाशने का अवसर मिलेगा। रेडिएंट पावर बैटरी विश्वविद्यालय के विज्ञान विभागों के साथ मिलकर परिवहन संसाधनों के लिए सस्ती और उच्च गुणवत्ता वाली बैटरी तैयार करने के लिए शोध करेगी। डिजिटल सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड बिलिंग और बैंकिंग को आसान और सुविधाजनक बनाएगी।