Haryana IMD Alert: हरियाणा में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। आज प्रदेश में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, झज्जर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, चरखीदादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह में कोल्ड वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आज सुबह जींद, कैथल, सोनीपत, हिसार, भिवानी, झज्जर और सिरसा में धुंध रही। इसके अलावा हिसार में 0.5 और गुरुग्राम में 0.8 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
कल और शुक्रवार को कोहरे और शीतलहर का प्रभाव थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन कुछ इलाकों में घना कोहरा और कोल्ड वेव की स्थिति बनी रहेगी। इसके लिए विभाग ने अलर्ट जारी रखा है। शनिवार को मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि सुबह के समय कोहरा छाएगा। रविवार और सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पाले और कोहरे के प्रभाव को कम करने के लिए गेहूं, सरसों और आलू जैसी फसलों में दोपहर के समय हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है । सुबह के समय सिंचाई करने से बचने को कहा गया है। लगातार गिरते तापमान के कारण सरसों में सफेद रतुआ रोग का खतरा बढ़ गया है। पत्तेदार सब्जियों और बरसीम की कटाई सूरज निकलने और कोहरा साफ होने के बाद ही करें। गीले पत्तों के साथ कटाई करने से सब्जियों के सड़ने का खतरा रहता है। पशुओं को रात के समय ढके हुए शेड में रखें और उन्हें पीने के लिए गुनगुना पानी दें।