हरियाणा Haryana : हरियाणा सरकार का अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग चालू वित्त वर्ष में 250 नए अग्निशमन वाहन और 13 हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खरीदने के प्रस्ताव के साथ बड़े स्तर पर अपग्रेडेशन के लिए तैयार है। इसके अलावा, वित्त आयुक्त राजस्व (एफसीआर) सुमिता मिश्रा ने कहा कि जींद जिले के खेड़ी मसानिया गांव में 25 एकड़ में राज्य स्तरीय अग्निशमन प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने पर 29 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्तमान में विभिन्न अग्निशमन केंद्रों में विभिन्न श्रेणियों के 504 अग्निशमन वाहन और अग्निशमन उपकरणों के साथ 202 मोटर साइकिल उपलब्ध हैं। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग का 1 जनवरी, 2023 को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विलय कर दिया गया था। समय पर और उचित अग्निशमन आपातकालीन सेवाएं प्रदान करने के लिए, विभिन्न श्रेणियों के 3,776 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 43 पद अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय, हरियाणा के लिए हैं; 24 फायर ट्रेनिंग सेंटर मानेसर के लिए तथा 3,709 विभिन्न फायर स्टेशनों के लिए। वर्तमान में हरियाणा में 109 फायर स्टेशन कार्यरत हैं, इनमें से 4 फायर स्टेशन नए बनाए गए हैं।हरियाणा Haryana :वित्त वर्ष 2025-26 में विभाग के लिए 261 करोड़ रुपये का योजना बजट तथा 112.47 करोड़ रुपये का गैर-योजना बजट निर्धारित किया गया है।