Haryana हरियाणा: हरियाणा के सोनीपत के बरोदा थाना क्षेत्र में रुखी टोल प्लाजा के पास शनिवार देर शाम एक कार तेज रफ्तार रोड रोलर से टकरा गई। हादसे में रोहतक कांग्रेस जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) के बेटे समेत चार युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। रोहतक कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलवान रंगा के बेटे सोमबीर शनिवार देर शाम अपने तीन दोस्तों के साथ जींद से लौट रहे थे, तभी जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर रुखी टोल प्लाजा के पास उनकी कार एक रोड रोलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सोनेट कार का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। हादसे में रोहतक के घिलोड़ गाँव के रहने वाले सोमबीर (27), उसके दोस्त अंकित (21), लोकेश (29) और दीपांकर (23) की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर भैसवान खुर्द चौकी से एक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जाँच की जा रही है।