हरियाणा Haryana : प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ऑन कॉल सिस्टम के तहत विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के लिए पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत नई व्यवस्था लागू की जा रही है। इस पहल से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। एनेस्थीसिया, सर्जरी, रेडियोलॉजी, स्त्री रोग और बाल रोग जैसी सेवाओं के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में यह सेवा पांच जिलों हिसार, जींद, मेवात, सोनीपत और कैथल में उपलब्ध कराई जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि यह एक पायलट प्रोजेक्ट है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। इस योजना से न केवल मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि जिला स्तर पर रेफरल सिस्टम की जरूरत भी कम होगी। राज्य सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मंत्री ने यह भी कहा कि यह पहल प्रौद्योगिकी, विकेंद्रीकरण और नवाचार के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के सरकार के व्यापक प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह केवल एक नीतिगत बदलाव नहीं है - यह लोगों पर केंद्रित सुधार है जिसका उद्देश्य जीवन बचाना और स्वास्थ्य परिणामों में सुधार करना है।"
Tags: