Haryana हरियाणा: जिले के गांव भोंडसी के पास श्याम विहार कॉलोनी में एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर तंबाकू और खैनी-गुटका के लिए बनाए गए गोदाम में मंगलवार सुबह आग लग गई। जिस मकान में गोदाम बना था, उसमें रात को करीब 20 युवक भी सो रहे थे। गोदाम में आग लगने की सूचना मिलते ही सभी युवक उठकर बाहर आ गए और आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही सोहना फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे मकान में बने गोदाम में रखे सामान में आग लग गई। इसके बाद गोदाम से धुआं निकलने लगा। गोदाम में रखे तंबाकू, खैनी-गुटका में आग लगने से धुएं और लपटों की बदबू देखकर कॉलोनी वासियों में अफरा-तफरी मच गई। सोहना फायर स्टेशन से अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह पांच बजकर 40 मिनट पर गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम में करीब 70 फीसदी सामान आग से बचा लिया गया।
अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि गोदाम में प्लास्टिक व अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में आग पर जल्द काबू पाना आसान नहीं था। लेकिन दमकल टीम ने सूझबूझ से काम लिया और गोदाम में पड़े सामान को बचा लिया। हालांकि गोदाम में आग लगने से करीब 30 फीसदी सामान जल गया। उन्होंने बताया कि रात को गोदाम में करीब 20 युवक भी सो रहे थे। गोदाम में आग लगते ही सभी युवक घर से बाहर निकल आए। गोदाम में आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शार्ट सर्किट के कारण गोदाम में आग लगने की आशंका जताई जा रही है।