Haryana हरियाणा: हरियाणा में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के कहने पर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि लड़की का जीजा लगातार उस पर लड़के के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराने का दबाव बना रहा था। इसके बाद लड़की ने युवक को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसी डर से युवक ने सल्फास की गोलियां खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई योगेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रहने वाला है। उसका 22 वर्षीय भाई गौतम कुमार और वधावा राम कॉलोनी की एक लड़की एक दूसरे से प्यार करते थे। दोनों शादी भी करना चाहते थे।
योगेश ने बताया कि लड़की के जीजा रवि मिगलानी ने गौतम को अपनी साली के साथ देख लिया था। इसके बाद वह लगातार गौतम को लड़की को छोड़ने की धमकी दे रहा था। योगेश ने आगे बताया कि लड़की ने जीजा के दबाव में गौतम को धमकाया। लड़की ने गौतम से कहा कि अगर वह उसे नहीं छोड़ेगा तो उसके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करवा दिया जाएगा। इतना ही नहीं, लड़की ने गौतम से कहा कि वह गौतम के परिवार को भी रेप केस में फंसा देगी।
योगेश ने बताया कि 21 जनवरी की दोपहर को लड़की और उसके जीजा ने गौतम को फिर से रेप केस में फंसाने की धमकी दी और डराया। योगेश ने जानकारी देते हुए बताया कि गौतम ने अपने दोस्त रजत को फोन करके सारी बात बताई। गौतम ने रजत से कहा कि उसके पास मरने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है, जिसके बाद रजत ने उसे काफी समझाया। इसके बाद गौतम झूठ बोलकर रजत को खाद की दुकान पर ले गया। वहां से गौतम ने सल्फास खरीदा और घर चला गया। फिर रात करीब 11 बजे गौतम ने लड़की से बात की और फिर गौतम ने सल्फास की गोलियां निगल लीं। गौतम ने अपने दोस्त रजत को फोन करके बताया कि उसने जहर खा लिया है।