हरियाणा Haryana : पाकिस्तान का समर्थन करने वाले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने वाले आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में ऑर्थोपेडिक डॉक्टर मुश्ताक अहमद उर्फ डॉ. ताज मोहम्मद को मंगलवार को फतेहाबाद कोर्ट में पेश किया गया। अभियोजन पक्ष के वकील राकेश गर्ग ने बताया कि पुलिस ने आगे की जांच के लिए सात दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने चार दिन की रिमांड मंजूर कर ली। कोर्ट में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका पासपोर्ट पंजाब के मलेरकोटला में उसके बेटे के पास है। पुलिस अब पासपोर्ट जब्त कर उसकी विदेश यात्रा की हिस्ट्री जांचेगी। बताया जा रहा है कि डॉ. अहमद चार बार
पाकिस्तान जा चुका है। पुलिस उससे पूछताछ करेगी कि वह इन यात्राओं के दौरान किससे मिला और क्या उसने किसी संदिग्ध गतिविधि से जुड़े व्यक्ति से संपर्क बनाए रखा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि विवादित वीडियो उसे उसके दोस्त ने भेजे थे। पुलिस अब उसके दोस्त का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने की कोशिश करेगी। विवाद 10 मई को शुरू हुआ, जब भारत और पाकिस्तान ने युद्ध विराम की घोषणा की। इसके तुरंत बाद डॉ. अहमद ने फेसबुक पर तीन वीडियो पोस्ट किए, जिसमें एआई-एडिटेड कंटेंट और मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां शामिल थीं। ये पोस्ट वायरल हो गए और लोगों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।