Haryana Crime: हरियाणा के फतेहाबाद के भट्टूकलां क्षेत्र के गांव ठुइयां में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने सीएससी संचालक प्रदीप की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर पैसे निकालने के बहाने दुकान में घुसे और उसके सीने में गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सीएचसी भट्टूकलां में एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही भट्टूकलां व सीआईए पुलिस गांव ठुइयां पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम को मोटरसाइकिल पर तीन से चार युवक आए। युवकों ने सीएससी में घुसकर पैसे निकालने को कहा। इस दौरान एक युवक ने संचालक प्रदीप को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया और वे सीएससी की तरफ दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल प्रदीप को उपचार के लिए सीएचसी भट्टूकलां ले जाया गया।
हमले का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों के अनुसार देर शाम वारदात को अंजाम दिया गया। सीएससी संचालक प्रदीप दुकान पर काम कर रहा था। मोटरसाइकिल पर चार युवक आए। तीन युवक बाहर खड़े थे और एक युवक अंदर आया। उसने प्रदीप से कहा कि उसे अपने बैंक खाते से 30 हजार रुपए निकालने हैं। इसके बाद प्रदीप ने उसका आधार कार्ड मांगा और तीन युवक अंदर आ गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान जब उन्होंने लैपटॉप छीनने की कोशिश की तो उनमें से एक युवक ने गोली चला दी जो प्रदीप के सीने में लगी।