Haryana Crime: हिसार जिले के खरड़ अलीपुर में बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके साथ खड़े तीन दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पैदल ही वहां से फरार हो गए। युवक की छाती में दो गोलियां मारी गई हैं। युवक को कुल पांच गोलियां लगी हैं। मृतक युवक 28 वर्षीय आनंद हिसार के खरड़ अलीपुर गांव का है। वारदात का पता चलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर 6-7 गोलियों के खोल मिले हैं। घायलों को इलाज के लिए हिसार के सपड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक यह वारदात वीरवार देर शाम की है। यहां खरड़ अलीपुर गांव में आनंद अपने 3 साथियों अंकित, अनूप और राहुल के साथ किसी काम से बाहर गया था। जब वह गांव के अड्डे पर अपनी गाड़ी को रोक कर सामान खरीदने लगा। जिस वक्त आनंद अपने तीनों दोस्तों के साथ वहां खड़ा था तो अचानक बदमाश वहां पैदल आए। उन्होंने आते ही आनंद सहित चारों युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। घटना के बाद तीनों बदमाश पैदल ही वहां से भाग गए।
बताया जा रहा है कि आनंद की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। इस मर्डर के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग रात को भी भारी संख्या में अस्पताल में मौजूद रहे। वह पुलिस से तुरंत बदमाशों को पकड़ने की मांग कर रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आनंद की हत्या किसने और क्यों की है? वहीं पुलिस ने कहा कि इस मामले की जांच और बदमाशों को पकड़ने के लिए सदर थाने की टीमें गठित कर दी गई है।
Tags: