Haryanaहरियाणा: हरियाणा में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 29 नए कोरोना मरीज सामने आए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा गुरुग्राम (9) और फरीदाबाद (12) में नए मरीज सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पूरे प्रदेश में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 210 पहुंच गई है। इनमें 108 एक्टिव मरीज हैं।
नए मरीजों में गुरुग्राम में 9, फरीदाबाद में 12, करनाल में 2, यमुनानगर में 1, पंचकूला में 2, रेवाड़ी में 2 और सिरसा में 1 संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 102 मरीज कोरोना मुक्त हो चुके हैं।
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग कोरोना को लेकर लगातार एडवाइजरी जारी कर रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने विदेश से आने वाले यात्रियों पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से मास्क पहनने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की अपील की है।