Haryanaहरियाणा: हरियाणा में मौसम ने करवट बदली है। प्रदेश में बारिश का दौर शुरू हो गया है। कल से हरियाणा में प्री-मानसून हवाएं सक्रिय हो जाएंगी। जिसके चलते आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्वी इलाकों में ज्यादा बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के उत्तर-पूर्वी इलाकों में 50 फीसदी तक बारिश हो सकती है। बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, करनाल, कैथल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में येलो अलर्ट जारी किया है।
कल अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में 75 से 100 फीसदी बारिश होने की संभावना है। सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, मेवात और गुरुग्राम में 25 फीसदी तक बारिश होगी। इसके अलावा पलवल, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल और कुरुक्षेत्र में 25 से 50 फीसदी बादल बरसेंगे। मंगलवार को 14 जिलों में बारिश देखने को मिली।
हिसार में सबसे ज्यादा बारिश हुई, महेंद्रगढ़ के नारनौल में बारिश से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के घरों में पानी घुस गया वहीं बारिश से सड़कें जलमग्न हो गईं जिससे वाहन पानी में डूब गए। कुछ जगहों पर बारिश के साथ बिजली भी गिरी जिससे काफी नुकसान हुआ। आमतौर पर मानसून 29 जून को प्रवेश करता है। संभावना है कि इस बार मानसून 4 से 5 दिन पहले हरियाणा में प्रवेश कर सकता है।