Haryana हरियाणा: फरीदाबाद जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां सगाई समारोह के दौरान बवाल हो गया. यहां दूल्हे पक्ष के रिश्तेदार शराब पीने को लेकर आपस में ही भिड़ गए. बताया जा रहा है कि सगाई कार्यक्रम में युवक ने शराब के नशे में महिलाओं के बाथरूम में घुसने की कोशिश की. इसको लेकर जमकर मारपीट हुई. दरअसल, सगाई समारोह में पहले दूल्हे के रिश्तेदारों के बीच शराब पीने से रोकने को लेकर मारपीट हुई. उसके बाद दूल्हे के परिवार के बुलावे पर आए एक युवक ने शराब के नशे में महिलाओं के बाथरूम में घुसने की कोशिश की. इसको लेकर मामला इतना बिगड़ गया कि आधी रात को सगाई समारोह में जमकर मारपीट शुरू हो गई|
इस दौरान रिश्तेदारों ने एक दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए. मारपीट इतनी बढ़ गई कि एक तरफ सगाई नहीं हो सकी तो दूसरी तरफ मेहमानों की हरकतों को देखते हुए धर्मशाला प्रबंधन ने रात को ही मंदिर खाली करवा दिया. इस मारपीट में तीन लोग घायल हो गए हैं. वहीं, घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए, जिसके बाद दूल्हे के पिता ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। उनका कहना है कि आरोपी उनके 51 हजार कैश और जेवर लूटकर ले गए हैं। इसके अलावा उन्होंने दुल्हन के परिवार द्वारा लाए गए सामान को भी तोड़ दिया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने इस मामले में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है, लेकिन शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।