Haryana हरियाणा: रेवाड़ी-दिल्ली रोड पर हांसका गांव के पास सोमवार को एक कंपनी की बस और कार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि मां और 2 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इन्हें रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को एक कंपनी की बस धारूहेड़ा की तरफ से आ रही थी और सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चकनाचूर हो गई। बस भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े और कार चालक, महिला और 2 साल की बच्ची को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कार सवार तीनों लोग गुरुग्राम जिले के पथरेड़ी गांव के रहने वाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक ने दूसरी कार को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया। जिसके कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।