Haryana: शराब से भरे टैंकर सहित तस्कर को गिरफ्तार करने में मिली बड़ी सफलता
Haryana हरियाणा: नरवाना पुलिस जिले के सीआईए स्टाफ ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शराब तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए डूमरखां गांव के पास शराब से भरे टैंकर सहित एक शराब तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी गैस टैंकर की आड़ में शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जा रहा था। पकड़े गए आरोपी की पहचान बांका राम पुत्र रामा राम निवासी भादरस जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। सीआईए नरवाना की एक टीम एचसी रणधीर सिंह के नेतृत्व में गश्त ड्यूटी पर गांव डूमरखां के बस स्टैंड पर मौजूद थी, तभी सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली कि बांका राम निवासी भादरस, बाड़मेर, जो पंजाब से सस्ते दामों पर शराब लाकर झारखंड में शराब की तस्करी करता है।
आज वह भारी मात्रा में गैस टैंकर में अवैध शराब छिपाकर एनएच 152डी से होते हुए जींद के रास्ते राजस्थान जाएगा। अगर डूमरखां गांव के पास नरवाना जींद रोड पर नाकाबंदी की जाए तो आरोपी को भारी मात्रा में शराब के साथ पकड़ा जा सकता है। सीआईए टीम ने तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचना दी और शिव मंदिर डूमरखां के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद नरवाना रोड की तरफ से एक गैस टैंकर आता दिखाई दिया। जब्त शराब की कीमत 50 लाख रुपये है। सीआईए टीम ने जब कंटेनर को रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने नाकाबंदी से पहले ही कंटेनर रोककर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क सीआईए टीम ने आरोपी को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। सीआईए टीम ने जब कंटेनर की तलाशी ली तो कंटेनर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं।
तलाशी लेने पर कैंटर से अंग्रेजी शराब ब्रांड इंपीरियल ब्लू की कुल 960 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें 140 पेटियां पाउच कुल 6720 पाउच, 500 पेटियां हाफ बोतल कुल 12000 हाफ बोतल और 320 पेटियां बोतल कुल 3840 बोतल अंग्रेजी शराब इंपीरियल ब्लू बरामद हुई। जब्त शराब पंजाब से तस्करी कर राजस्थान के रास्ते झारखंड के रांची शहर में लाई जा रही थी, जिसे आगे बिहार क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। लेकिन सीआईए टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। बरामद शराब की कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 58 दिनांक 22/2/2025 धारा 61/4/20 आबकारी अधिनियम, 318(4), 238 बीएनएस थाना सदर नरवाना में दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।