Haryana Accident: सोनीपत के खरखौदा में सैदपुर जटोला रोड पर अजीत इंडस्ट्री के पास आज सुबह बस और ट्रक में टक्कर हो गई। जिसमें करीब 25 प्रशिक्षु युवक घायल हो गए। ये सभी आईटीआई करने के बाद अप्रेंटिसशिप के लिए आईएमटी खरखौदा में मारुति के निर्माणाधीन प्लांट में जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। जब बस ओवरटेक करते समय आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। घायलों ने बताया कि बस सुबह 4:50 बजे जगदीशपुर के बारोटा चौकी से चली थी। बस जब गांव जटोला-सैदपुर रोड पर स्टेट बैंक के पास पहुंची तो चालक ने आगे जा रहे लोडिंग ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया।
लेकिन इस दौरान बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसमें सवार कई युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में से 10 को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई भेज दिया गया। जबकि अन्य को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। घायलों की पहचान अक्षय हिसार, रष्ट कुमार करनाल, अमरदीप करनाल, अशोक बिहार, शिवम गुप्ता प्रयागराज, विकास कुमार यूपी, रजत सैनी मुलाना, प्रिंस अजमेर, महेश सैनी शिखर, लाभ सिंह कैथल और पिंटू करनाल के रूप में हुई है।
जबकि अन्य घायल अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार में लापरवाही से ओवरटेक करने के कारण यह हादसा हुआ है। मामले की जांच जारी है। वहीं प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।