Haryana: प्रेम प्रसंग में युवक ने युवती को मारी गोली , फिर खुद भी कर ली आत्महत्या
Haryana हरियाणा: जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला हथीन उपमंडल के गांव मानपुर से सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने गांव की ही एक युवती के घर में घुसकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।पुलिस ने युवती के चाचा की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलवल सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मानपुर गांव निवासी रवि और पूजा पिछले दो साल से प्रेम संबंध में थे। शनिवार को दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी विवाद के चलते रवि रविवार दोपहर अवैध हथियार (कट्टा) लेकर पूजा के घर में घुस गया और उसे गोली मार दी। रवि ने पूजा के सिर और कंधे पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद रवि ने खुद के भी सिर में गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय पूजा की छोटी बहन और दादी भी घर पर मौजूद थीं। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए।
पिछले साल उसने मानपुर गाँव के पास पुलिस पर फायरिंग भी की थी। वह इस मामले में आरोपी था और दो महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था। रवि के माता-पिता की भी सालों पहले बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उसके पिता की 16 साल पहले और माँ की लगभग 13 साल पहले मौत हो गई थी।
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल के अनुसार, फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है और जाँच जारी है। पुलिस प्रेम प्रसंग, आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए बारीकी से जाँच कर रही है।