Haryana हरियाणा: गुड़गांव-सोहना एक्सप्रेसवे पर गांव घामडौज अलीपुर के बीच फ्लाईओवर पर आराम कर रही भैंसों से पनीर से लदी एक पिकअप गाड़ी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि न सिर्फ गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया बल्कि एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। चार अन्य भैंसें घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि ये भैंसें रिठौज निवासी रोहित की हैं, जिसने दूध निकालने के बाद भैंसों को खुला छोड़ दिया था, जो भटक कर फ्लाईओवर पर बैठ गईं। पुलिस के मुताबिक रोहित की पशु डेयरी है। उसके पास करीब डेढ़ दर्जन भैंसें हैं। ये भैंसें कल देर शाम सोहना एक्सप्रेसवे पर फ्लाईओवर पर पहुंच गईं और एक्सप्रेसवे के बीचोंबीच बैठ गईं।
इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर आ रही पनीर से लदी एक पिकअप गाड़ी इन भैंसों से टकरा गई। जिसमें एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य भैंसें गंभीर रूप से घायल हो गईं। हैरानी की बात यह है कि ये भैंसें एक्सप्रेसवे पर कैसे आईं, इसका किसी को पता नहीं है। हालांकि टोल प्रबंधन कंपनी और एनएचएआई की टीम एक्सप्रेसवे पर हर समय नजर रखती है, लेकिन कोई भी यह पता नहीं लगा पाया कि भैंसा एक्सप्रेसवे पर कैसे पहुंचा। इस तरह सड़क पर घूमते पशुओं के कारण दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं।