Haryana हरियाणा: एक कंपनी कर्मचारी को काम पर जाना महंगा पड़ गया। कैब में सवार बदमाशों ने न सिर्फ़ बंदूक की नोक पर उसे लूटा, बल्कि गोली मारने की धमकी भी दी और उसे रिश्तेदारों और दोस्तों से पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। पीड़ित पुलिस को घटना की सूचना न दे, इसके लिए आरोपियों ने उसके कपड़े उतार दिए और उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
पुलिस को सूचना देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। घटना के बाद, आरोपियों ने पीड़ित को सिलानी रोड पर छोड़ दिया और उसे भाग जाने को कहा। उन्होंने पीछे मुड़कर देखने पर गोली मारने की धमकी दी। आरोपी मौके से फरार हो गए। घबराया हुआ पीड़ित काम पर जाने के बजाय घर चला गया। बाद में, उसने भोंडसी थाने जाकर अपनी आपबीती सुनाई। शिकायत के आधार पर, भोंडसी पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 3(5), 309(6) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।