Haryana हरियाणा: शहर के भट्टू क्षेत्र के गांव गादली के पास आज दोपहर खेड़ी माइनर नहर टूट गई, जिससे गेहूं के खेतों में पानी तेजी से फैलने लगा। किसानों की सूचना पर सिंचाई विभाग ने तुरंत बीघड़ हेड से नहर को बंद करवाया, ताकि नहर में आई दरार को जल्द से जल्द भरा जा सके। करीब 50 एकड़ खेत पूरी तरह जलमग्न हो गए। इस पर किसानों ने रोष जताते हुए कहा कि पिछले कई महीनों में खेड़ी माइनर कई बार अलग-अलग जगहों से टूट चुकी है, लेकिन इसकी मरम्मत नहीं की जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव गादली के पास से गुजर रही खेड़ी नहर आज दोपहर अचानक टूट गई।
इसकी सूचना जैसे ही लोगों को मिली तो उन्होंने सिंचाई विभाग को सूचित किया, जिसके बाद बीघड़ हेड से नहर को बंद करवाया गया, लेकिन बीघड़ से यहां तक नहर में पानी होने के कारण पानी का बहाव खेतों की तरफ बना हुआ है। सिंचाई विभाग से जेई मनजीत बेनीवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरार को भरने का काम शुरू करवाया। अत्यधिक पानी भरने के कारण दरार करीब 70 फीट चौड़ी हो गई, जिससे करीब 50 एकड़ गेहूं के खेतों में पानी भर गया। फिलहाल दरार को भरने का काम तेजी से चल रहा है।