Gurugram गुरुग्राम: गुरुग्राम के बिनौला औद्योगिक क्षेत्र में एक बड़े कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज़ थीं कि आसपास के इलाकों से काला धुआँ दिखाई दे रहा था। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 15 गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।
अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि गोदाम में हज़ारों मीट्रिक टन कपड़े रखे हुए थे, जिससे आग तेज़ी से फैल गई। किसी के फंसे होने या घायल होने की सूचना नहीं है। आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट या बिजली की खराबी के कारण लगी होगी।
मौके पर पहुँचे दमकलकर्मियों ने पानी की बौछारों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती घंटों में ही आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास की फैक्ट्रियों को अलर्ट कर दिया गया है और यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है।