Faridabad: शादी से इनकार के बाद प्रेमी की हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार
प्रेमी की हत्या कर भागी महिला मध्य प्रदेश से पकड़ी गई
फरीदाबाद: गांव अनंगपुर में प्रेमी द्वारा शादी से मना करने से गुस्साई प्रेमिका ने उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। अपराध शाखा डीएलएफ पुलिस ने आरोपित महिला को मध्यप्रदेश के जिला रीवा गांव सतना से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित महिला को शनिवार अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार, घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य तथा वारदात के सभी पहलुओं की गहन जांच की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई को थाना सूरजकुंड पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव अनंगपुर के डोमका मोहल्ला स्थित एक मकान में एक व्यक्ति का शव पड़ा है।
सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सदाकत (36 वर्ष), निवासी रामपुर शाहपुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। जांच में पाया गया कि धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या की गई थी। घटना के संबंध में मृतक के भाई नजाकत अली की शिकायत पर थाना सूरजकुंड में हत्या की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच अपराध शाखा डीएलएफ को जिम्मेदारी सौंपी गई। जांच के दौरान अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
सूचना के बाद 24 घंटे में ही पुलिस की टीम ने कामयाबी हासिल की है। महिला से पूछताछ में सामने आया कि मृतक सदाकत और आरोपिता दोनों ओमेक्स सोसाइटी में काम करते थे। सदाकत पेंटिंग जबकि महिला घरेलू कार्य (झाड़ू-पोंछा) करती थी। दोनों पहले से शादीशुदा थे। महिला को उसके पति ने छोड़ दिया था। उसकी सदाकत से जान-पहचान हो गई थी। वह सदाकत पर शादी करने का दबाव बना रही थी। वहीं सदाकत उसे टाल रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 25 जुलाई को महिला ने सदाकत को अपने कमरे पर बुलाया। वहां उसने उसे शराब पिलाई। देर रात जब सदाकत नशे की हालत में सो गया तो उसने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने कमरे को बाहर से ताला लगाया और मौके से फरार हो गई, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।