हरियाणा में डॉक्टरों को चेतावनी, मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए न करें मजबूर
सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाइयों को लेकर सख्त हुई स्वास्थ्य मंत्री आरती राव
रेवाड़ी: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने सरकारी अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने की सलाह देने वाले चिकित्सकों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में दवा मौजूद होने के बाद भी मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए लिखने वाले डॉक्टरों के खिलाफ सरकार कार्रवाई करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री शुक्रवार को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करने पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा शिकायतें सरकारी अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने की सलाह देने को लेकर मिल रही हैं। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां मरीजों को देना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
आरती राव ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराना है। ऐसी व्यवस्था में लापरवाही करने वाले चिकित्सकों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने अमृत फार्मेसी और जन औषधि योजना को मरीजों के लिए उपयोगी पहल बताया। उनके अनुसार, इन केंद्रों पर कम कीमत में दवाइयां उपलब्ध होती हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार में राहत मिल सकती है।
कार्यक्रम में बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल और भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।