Chandigarh.चंडीगढ़: अमलोह विधानसभा क्षेत्र के हलका प्रभारी राजू खन्ना के नेतृत्व में शिरोमणि अकाली दल (ब) कार्यकर्ताओं ने आज अमलोह अनाज मंडी में सुबह हुई बारिश के बाद खरीदे गए धान का उठान न होने और बोरियों में रखी फसल भीगने के विरोध में प्रदर्शन किया। इससे मंडी में जलभराव भी हो गया। मीडिया से बात करते हुए खन्ना ने कहा कि आज हुई हल्की बारिश ने न केवल मंडी में किसानों के धान को भारी नुकसान पहुँचाया है, बल्कि फसल खरीद के सरकारी इंतजामों की भी पोल खोल दी है।
उन्होंने कहा कि अनाज मंडी की सीवर व्यवस्था जाम हो गई है। धान के ढेर बारिश के पानी में डूब गए हैं। उन्होंने कहा कि खरीदा गया धान भीग जाने के कारण राइस मिल मालिक फसल के दाम में कटौती की मांग कर सकते हैं। उन्होंने धान में नमी का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और फसल की तुरंत खरीद और उठान की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावित किसानों को तुरंत मुआवजा देना चाहिए।