गुरुग्राम में भाजपा की बैठक, 28 नवंबर की रैली पर मंथन
गुरुग्राम से फरीदाबाद रैली में जुटेंगे कार्यकर्ता, भाजपा ने बनाई रणनीति
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम स्थित भाजपा जिला कार्यालय गुरुकमल में सोमवार को जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर 28 नवंबर को फरीदाबाद में होने वाली रैली की तैयारियों, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी मन की बात कार्यक्रम और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई।
जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रैली में गुरुग्राम से अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए।
गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं से रैली की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने और संत रविदास के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी रविवार को प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर आयोजित करने और बूथ समितियों के लंबित कार्य जल्द पूरे करने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान जिला महामंत्री अजीत यादव, मनीष सैदपुर, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, ब्रह्म यादव सहित पार्टी के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।