भिवानी: सर्दी में पानी की खपत कम होने के बावजूद शहर की पुरानी मुख्य पेयजल लाइनों में लीकेज बढ़ गई है। सोमवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारी रोहतक गेट, अग्रसेन चौक पर पुराना जलघर से निनान जलघर तक की 16 इंची मुख्य पाइप लाइन की लीकेज को ठीक कराने में लगे रहे। पिछले चार दिनों से यहां लीकेज के कारण लाखों लीटर स्वच्छ पानी सड़क पर फैल रहा है जबकि आसपास के इलाके की टेल तक पानी की आपूर्ति प्रभावित है।
इसी तरह देवसर चुंगी डिस्पोजल के समीप आठ इंची पेयजल लाइन की लीकेज को दुरुस्त किया गया था लेकिन दस कदम दूर दूसरी जगह नई लीकेज होने से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। सर्कुलर रोड, कृष्णा कॉलोनी मोड़ पर भी मुख्य लाइन लीकेज के कारण पिछले पांच दिनों से हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है। सप्लाई के दौरान लीकेज से सड़क पर पानी का तालाब बन रहा है जिससे आने-जाने में परेशानी हो रही है और पीने योग्य पानी भी बर्बाद हो रहा है।