सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू हो गई है। यहां मरीजों को बाजार की तुलना में 50 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाइयां मिलेंगी। इनमें कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों की दवाइयां भी शामिल हैं।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसियों का शुभारंभ किया। सोनीपत में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने फार्मेसी का उद्घाटन किया।

मंत्री ने कहा कि इस योजना से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को महंगी दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। सरकार अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई और निशुल्क डायलिसिस की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा 500 से अधिक प्रकार की दवाइयां भी उपलब्ध हैं। राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या सात से बढ़कर 19 हो गई है।

उन्होंने बताया कि सोनीपत नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1800 से 2000 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। ऐसे में अमृत फार्मेसी से बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिल सकेगा।

हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। अमृत फार्मेसी का लाभ सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल में निर्धारित दवाइयों की नियमित उपलब्धता जरूरी है।

कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान, पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, उपायुक्त नेहा सिंह, सीएमओ अलंकृता गेरा सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Tags: