नूंह के मांडीखेड़ा अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी, सस्ती मिलेंगी दवाइयां
हरियाणा के 16 अस्पतालों में अमृत फार्मेसी शुरू, नूंह के मरीजों को भी लाभ
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के अल आफिया नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में मरीजों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए अमृत फार्मेसी शुरू की गई है। इस फार्मेसी की स्थापना पर करीब 8 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 16 जिला नागरिक अस्पतालों में अमृत फार्मेसियों का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नूंह लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति और भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का संबोधन भी लाइव सुना गया।
जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने कहा कि अमृत फार्मेसी आमजन के लिए राहत भरी पहल है। सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने आने वाले मरीजों को कई बार जरूरी दवाइयां बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है। इस फार्मेसी से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को किफायती दरों पर दवाइयां मिल सकेंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि इस पहल से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ और किफायती बनेंगी। जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सिविल सर्जन डॉ. ज्योत्स्ना, उप सिविल सर्जन डॉ. आशीष सिंगला, डॉ. रजनीकांत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, अस्पताल कर्मचारी और आशा वर्कर मौजूद रहे।