Ambala अंबाला: अंबाला छावनी में बीती रात हुई युवक की हत्या को लेकर एक तरफ जहां परिजनों में गहरा रोष है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय निवासियों में भी भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस अपना काम सही ढंग से नहीं कर रही है, इसी कारण अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। गौरतलब है कि बीती शाम खोजकीपुर में 19 वर्षीय हार्दिक की कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसके दोस्त उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और मौके से साक्ष्य भी जुटाए। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर से करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की कमर और पेट पर चाकू के दो वार किए गए हैं। महेश नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
मृतक के दोस्त ऋषभ ने बताया कि
हमलावर
हार्दिक के दोस्त की बहन को परेशान करते थे। हार्दिक अपने दोस्तों के साथ खोजकीपुर के मैदान में खड़ा था। इसी दौरान जब हमलावर वहां से गुजर रहा था, तो उसे सिर्फ इतना कहा गया कि वह अपने दोस्त की बहन को दोबारा परेशान न करे। इसी बीच युवक भड़क गया और उसने ऑटो में सवार कुछ युवकों को बुला लिया। आते ही उन्होंने हार्दिक पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावर और उसके पिता पर चाकू से हमला करने का आरोप है।
Tags: