
दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई घटना के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी के दौर के बाद सीजफायर हो गया. मौजूदा वक्त में बॉर्डर शांति की स्थिति है लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. संभावित खतरों को देखते हुए भारत अब भी अलर्ट मोड पर है और बॉर्डर इलाकों से होकर गुजरने वाले प्लेन्स के लिए कंपनियों ने नई एडवाइजरी जारी की है.
एअर इंडिया ने मंगलवार, 13 मई को आठ प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली उड़ानों को रद्द करने का ऐलान करते हुए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा कारणों का हवाला दिया गया है. प्रभावित एयरपोर्ट्स में जम्मू, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट शामिल हैं. एयरलाइन ने सोमवार शाम को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह ऐलान किया, जिसमें जोर दिया गया कि यह फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
एयरलाइन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "हालिया घटनाक्रमों और आपकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, जम्मू, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली फ्लाइट्स मंगलवार, 13 मई को रद्द कर दी गई हैं. हम स्थिति पर नजर रख रहे हैं और आपको अपडेट रखेंगे." हालांकि, एअर इंडिया ने इन घटनाओं के बारे में नहीं बताया है, लेकिन एहतियाती कदम उठाए जाने से संभावित सिक्योरिटी से जुड़े मुद्दों के बारे में चिंताएं बढ़ गई हैं. इन शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फ्लाइट स्टेटस की जांच करें और रीबुकिंग या रिफंड के लिए एयरलाइन के सहायता चैनलों से संपर्क करें.
एअर इंडिया के अलावा, इंडिगो एयरलाइंस ने भी मंगलवार, 13 मई को जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, लेह, श्रीनगर और राजकोट के लिए सभी फ्लाइट ऑपरेशन रद्द करने का ऐलान किया है. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक बयान में, एयरलाइन ने कहा, "हालिया घटनाओं के मद्देनजर और सुरक्षा को हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में देखते हुए, जम्मू, अमृतसर, चंडीगढ़, लेह, श्रीनगर और राजकोट के लिए फ्लाइट्स 13 मई को रद्द कर दी गई हैं."





