सूरत  । फिट इंडिया अभियान के तहत आयोजित संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने साइकिल चलाकर फिटनेस और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि यह संडे ऑन साइकिल का 89वां संस्करण है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 25 हजार से अधिक स्थानों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने भाग लेकर "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" का संदेश दिया।

मंडाविया ने कहा कि किसी भी समृद्ध राष्ट्र के निर्माण के लिए नागरिकों का स्वस्थ रहना जरूरी है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज का निर्माण करते हैं और स्वस्थ समाज से ही मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र बनता है।उन्होंने देश के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और खुद को फिट रखें। उन्होंने कहा कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए नहीं बल्कि समाज और देश के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।कार्यक्रम में युवाओं और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फिट इंडिया अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।

Tags: