पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को पणजी में 15वें गोवा मराठी फिल्म फेस्टिवल का उद्घाटन किया। प्रमुख समाचार सेवा ‘विंसन वर्ल्ड’ द्वारा आयोजित यह फिल्म महोत्सव 7 से 9 अगस्त तक पणजी के इनॉक्स और मैकेंजी पैलेस में आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में मराठी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई चर्चित कलाकार, निर्देशक, निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए।

फेस्टिवल का यह संस्करण समकालीन मराठी सिनेमा की विविधता और रचनात्मकता को दर्शाने पर केंद्रित है। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में परिवार, हास्य, सामाजिक मुद्दों और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ी अलग-अलग विषयों की फिल्में दर्शकों को देखने को मिलेंगी। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में गोवा के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार और सिनेमा प्रेमी हिस्सा ले रहे हैं।

इस साल के फेस्टिवल में देश और विदेश के प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में सम्मान हासिल कर चुकी फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ कई विशेष प्रीमियर भी आयोजित किए जा रहे हैं। महोत्सव की शुरुआती फिल्म महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी ‘बंदखोर’ होगी। फिल्म के निर्देशक महेश मांजरेकर अपनी कास्ट और तकनीकी टीम के साथ फेस्टिवल में फिल्म को दर्शकों के सामने पेश करेंगे।

‘बंदखोर’ में प्रियदर्शिनी इंदलकर, छाया कदम समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में गोवा के कलाकारों की भी महत्वपूर्ण भागीदारी है। इसका निर्माण संजय शेट्टी ने किया है और फेस्टिवल के दौरान फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा महोत्सव में कई अन्य फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग और प्रीमियर भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

इस साल फेस्टिवल में ‘सबर बॉन्ड’, ‘क्रांतिज्योति विद्यालय’, ‘उत्तर’, ‘फर्स्ट क्लास दाभाड़े’, ‘तिघी’, ‘तो ती आन फुजी’, ‘तुंबडची मंजुला’, ‘मर्दिनी’, ‘भूतं भयं’, ‘अगम अगम सुनबाई’, ‘काया काटी सासुबाई’ और ‘घबडकुंड’ जैसी फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। वहीं ‘पिशवी’ और ‘स्नोफ्लावर’ के प्रीमियर शो भी आयोजित किए जाएंगे।

फेस्टिवल का एक खास आकर्षण दिग्गज अभिनेता मोहन जोशी को दिया जाने वाला ‘ग्रैटीट्यूड अवॉर्ड’ होगा। भारतीय थिएटर, मराठी सिनेमा के साथ-साथ हिंदी फिल्मों और टेलीविजन में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है। उद्घाटन समारोह के दौरान मोहन जोशी को यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

महोत्सव में दर्शकों को मराठी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकारों और फिल्म निर्माताओं से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक, हर साल की तरह इस बार भी निर्देशक, अभिनेता, लेखक, तकनीशियन और फिल्म जगत से जुड़े कई प्रमुख लोग फेस्टिवल में हिस्सा लेंगे।

फेस्टिवल में सचिन खेडेकर, रेणुका शहाणे, मृणाल कुलकर्णी, अमेय वाघ, सिद्धार्थ चांदेकर, स्वप्निल जोशी, अनीता दाते, जितेंद्र जोशी, ललित प्रभाकर, निर्मंथ सावंत, सुबोध भावे, सिद्धार्थ बोडके, प्रार्थना बेहरे, नेहा पेंडसे, सोनाली कुलकर्णी और मृण्मयी गोडबोले समेत कई कलाकारों के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजकों का कहना है कि गोवा मराठी फिल्म फेस्टिवल का उद्देश्य मराठी सिनेमा को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाना और क्षेत्रीय फिल्मों के लिए एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव के जरिए स्थापित फिल्मकारों के साथ उभरते निर्देशकों और कलाकारों को भी अपनी रचनात्मकता प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है।

दर्शकों के लिए फिल्म स्क्रीनिंग में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रखा गया है। दर्शक ऐप और वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में फिल्मों की स्क्रीनिंग के अलावा फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम के साथ संवाद के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

गोवा में आयोजित यह महोत्सव ऐसे समय में हो रहा है, जब क्षेत्रीय सिनेमा अपनी कहानियों, नए विषयों और प्रयोगधर्मी फिल्मों के जरिए देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है। ऐसे में 15वें गोवा मराठी फिल्म फेस्टिवल से मराठी सिनेमा के नए और पुराने दोनों रंगों को दर्शकों तक पहुंचाने की उम्मीद है।

Tags: