Raipur. रायपुर। रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गांजा सेवन करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा और नशे से संबंधित सामग्री भी जब्त की गई है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2026 को गोलबाजार थाना में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार यादव अपने स्टाफ के साथ बाजार व्यवस्था और शराब दुकान चेकिंग के लिए गश्त पर निकले थे। इसी दौरान शाम करीब 19:10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति शास्त्री बाजार स्थित बसंल डेयरी के पास बैठकर गांजा पी रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।
आरोपी की पहचान मोहम्मद निजामुद्दीन उर्फ ईम्मू (उम्र 30 वर्ष), निवासी मोतीबाग चौक, यूनियन क्लब के सामने, थाना गोलबाजार रायपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक प्लास्टिक चिपर पाउच में लगभग 10 ग्राम गांजा, एक चीनी मिट्टी का चिलम, भगवा रंग का कपड़े का टुकड़ा और आधी जली हुई माचिस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही गवाहों की उपस्थिति में जप्ती की कार्रवाई की और सामग्री को सील कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से जब गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद NDPS एक्ट की धारा 27 के तहत विधिवत कार्रवाई की गई। जांच के दौरान गवाहों के समक्ष बरामद सामग्री की पहचान गांजा के रूप में की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाया गया।
गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने और नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। थाना गोलबाजार पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की विस्तृत जांच की जा रही है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों से उसका संपर्क था। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी ताकि शहर में कानून व्यवस्था और सामाजिक माहौल को सुरक्षित रखा जा सके।