महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने बीरपुर में जनदर्शन में सुनीं जनता की समस्याएं
छग
Birpur. बीरपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने आज अपने निज निवास बीरपुर में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्र की जनता से मुलाकात की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि अपनी समस्याएँ और मांगें लेकर पहुँचे। मंत्री ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में आए लोगों ने पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी समस्याएँ मंत्री के समक्ष रखीं। कुछ लोगों ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ में आ रही अड़चनों की जानकारी दी। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याएँ निपटाने को कहा।
लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल जनसेवा है। उन्होंने कहा – “जनता की समस्याओं का समाधान ही मेरा कर्तव्य है। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी पूँजी है और उसी के बल पर मैं दिन-रात कार्य करने के लिए संकल्पित हूँ।” मंत्री ने इस दौरान ग्रामीणों से कहा कि राज्य सरकार की योजनाएँ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक समस्या का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाएगा और कोई भी व्यक्ति उपेक्षित नहीं रहेगा। जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, महिलाएँ और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित थे। ग्रामीणों ने मंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सक्रिय प्रयासों से क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिलेगी।