शादी का झांसा देकर युवती से लाखों की चोरी, जीवनसाथी ऐप से हुई थी पहचान

छग

Update: 2026-05-21 15:26 GMT
Raipur. रायपुर। रायपुर राजधानी में ऑनलाइन मैट्रिमोनियल ऐप के जरिए हुई पहचान के बाद शादी का झांसा देकर युवती के घर से जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक युवती को बेहोश कर घर से सोने-चांदी के गहने लेकर फरार हो गया। घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती की पहचान आरोपी अभिनव सिंह से “जीवनसाथी” ऐप के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच पिछले करीब डेढ़ साल से बातचीत चल रही थी और शादी को लेकर चर्चा हो रही थी। इस दौरान आरोपी ने युवती का विश्वास जीत लिया था।

बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह युवती का जन्मदिन था। इसी बहाने आरोपी पंजाब से दिल्ली और उत्तरप्रदेश होते हुए रायपुर पहुंचा। आरोपी युवती से मिलने उसके घर गया और वहां खाना खाने की बात कही। पीड़िता के अनुसार, खाना बनाते समय आरोपी ने खाने को ठीक से नहीं पकने की बात कहकर खुद किचन में जाने की बात कही। इसी दौरान उसने मौका पाकर खाने में कोई नशीला पदार्थ या नींद की गोली मिला दी। खाना खाने के कुछ समय बाद युवती बेहोश हो गई। आरोप है कि युवती के बेहोश होने के बाद आरोपी घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। काफी देर तक युवती के नहीं उठने पर उसकी रूम पार्टनर घर पहुंची और उसे संभाला। होश में आने के बाद युवती को पूरे घटनाक्रम की जानकारी हुई। घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन और यात्रा से जुड़े इनपुट जुटाए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है और घटना से पहले कई राज्यों से होते हुए रायपुर पहुंचा था। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसके मोबाइल नंबर, ऑनलाइन गतिविधियों तथा यात्रा संबंधी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से युवती का विश्वास जीतकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल या सोशल प्लेटफॉर्म पर किसी भी व्यक्ति से संपर्क के दौरान सावधानी बरतें और बिना पूरी जानकारी के किसी पर भरोसा न करें। विशेष रूप से व्यक्तिगत मुलाकात के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन फ्रॉड और भरोसे का गलत फायदा उठाने वाले मामलों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
Tags:    

Similar News