कोरबा : जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक बेकाबू स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
पेड़ से टकराकर 50 मीटर घिसटती गई कार
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो काफी तेज गति से कटघोरा-बांकी मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सीधे सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा भिड़ी और हवा में उछलते हुए लगभग 50 मीटर दूर जाकर पलट गई।
18 वर्षीय युवक की मौत, दूसरा साथी गंभीर
इस हादसे में कार में सवार 18 साल के युवक रूपेश पटेल की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं, उसके साथ मौजूद दूसरा युवक आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह-सुबह जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की हादसे के कारणों की जांच
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल आर्यन गोंड को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, मृतक रूपेश पटेल के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार किस वजह से अनियंत्रित हुई।
Tags: