नगर निगम के बुलडोजर के सामने आई महिला, बैरंग लौटा अमला

छग

Update: 2023-03-15 13:46 GMT
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग नगर निगम अमले का अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान जमकर विरोध हुआ। एक महिला निगम के बुलडोजर के सामने खड़ी हो गई। उसने निगम के अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि वो उसकी दुकान को तोड़ते हैं तो वो उन्हें पहले उसकी लाश से गुजरना पड़ेगा। महिला की जिद के आगे निगम अमले को झुकना पड़ा और वो वहां से बैरंग लौट गया। निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक उनका अतिक्रमण निवारण दस्ता बुधवार दोपहर बजरंग नगर शिवपारा में अतिक्रमण पर कार्रवाई करने गया था। उन्हें वहां अनिल दुबे की दुकान आदि शक्ति रेडीमेट को तोड़ने का आदेश मिला था। निगम के अधिकारियों का कहना है कि ये दुकान अवैध रुप से अतिक्रमण करके बनाई गई है। इसकी शिकायत कलेक्टर के जन दर्शन में हुई थी।
इसके बाद इसे तोड़ने के आदेश दिए गए हैं। निगम अमले ने इस दुकान का सीमांकन भी किया, जिसमें दुकान अवैध पाई गई। जैसे ही निगम अमला पहुंचा दुकान संचालक दुकान में ताला लगाकर भाग गया। इसके बाद जब निगम के अधिकारियों ने दुकान में बुल्डोजर चलाने जा रहे थे तो दुकान संचालक की पत्नी वहां आ गई और विरोध करने लगी। महिला सीधे आकर बुलडोजर के आगे खड़ी हो गई। उसने कहा यदि कार्रवाई करना है तो पहले उन्हें उसकी लाश से गुजरना पड़ेगा। भवन अधिकारी आरके थवानी ने कहा कि महिला की दुकान अवैध रूप से बनाई गई है। जिसे तोड़ने निगम की टीम बुधवार को पहुंची थी। महिला विरोध करते हुए हंगामा किया। उसके विरोध और मांग को सुनने के बाद उसे सामान हटाने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद फिर से निगम अमला आएगा और दुकान को तोड़ने की कार्रवाई करेगा।
Tags:    

Similar News