गांजा मांगा नहीं मिला तो भड़का युवक, हंसिया लेकर लौटा दो महिलाओं पर किया हमला
छग
Bhilai भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम देवबलोदा में नशे का सामान मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। पुलिस के मुताबिक, गांजा नहीं मिलने की बात पर एक युवक ने पहले मारपीट और गाली-गलौज की और बाद में घर से हंसिया लेकर वापस आया। बीच-बचाव करने पहुंची दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल करने का आरोप है। पुलिस ने 23 वर्षीय आरोपी देवकुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना 5 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे देवबलोदा बाजार चौक की बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय विजय कुमार रात्रे ड्यूटी से लौटने के बाद उमेश अग्रवाल के साथ बाजार चौक पर बैठा था। इसी दौरान गांव का देवकुमार ठाकुर वहां पहुंचा और कथित तौर पर विजय से गांजा उपलब्ध कराने की मांग करने लगा। विजय ने गांजा नहीं होने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि देवकुमार ने विजय के साथ गाली-गलौज और हाथ-थप्पड़ से मारपीट की। उसने पास पड़ी टाइल्स से भी हमला करने का प्रयास किया।
जान से मारने की धमकी देकर घर गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान विजय और उसके साथी ने बचाव करते हुए आरोपी को धक्का दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से अपने घर चला गया। कुछ देर बाद वह घरेलू उपयोग का धारदार हंसिया लेकर वापस पहुंचा और कथित तौर पर उसे लहराते हुए धमकी देने लगा। विवाद बढ़ता देखकर विजय की नानी लता अग्रवाल, मां सरस्वती रात्रे और बहन माया चंदेल बीच-बचाव करने पहुंचीं।
दो महिलाओं पर हंसिए से वार
आरोप है कि देवकुमार ने लता अग्रवाल के सिर और सरस्वती रात्रे के दाहिने हाथ पर हंसिए से वार कर दिया। दोनों महिलाएं घायल हो गईं और आरोपी मौके से फरार हो गया। विजय की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 480/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर तलाश और घेराबंदी शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना करना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक हंसिया जब्त किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।