Raipur रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को कबीर नगर स्थित दशहरा मैदान में मोर माटी सांस्कृतिक संगठन द्वारा आयोजित तीजा-पोरा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा-पोरा छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और कृषि परंपरा के प्रतीक हैं। इस दौरान उन्होंने कबीर नगर में सर्व समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को तीजा-पोरा तिहार की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तीजा माताओं-बहनों, परिवार और रिश्तों से जुड़ा पर्व है, जबकि पोरा अन्नदाता किसानों, खेती और पशुधन के सम्मान का त्योहार है। ऐसे लोकपर्व नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने के साथ समाज में आत्मीयता और समरसता मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया और माताओं-बहनों को तीजा पर्व के अवसर पर साड़ियां भेंट कीं।
नारी सम्मान हमारी संस्कृति का आधार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। तीजा पर्व माताओं और बहनों के त्याग, तप तथा परिवार के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना के साथ व्रत रखती हैं तथा भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के तीज-त्योहार केवल उत्सव नहीं बल्कि पूर्वजों से मिली अमूल्य सांस्कृतिक विरासत हैं। इन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
किसानों और महिलाओं की योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और महिलाओं की खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी और महतारी वंदन योजना की उपलब्धियां गिनाईं। साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। महिलाएं इस राशि का इस्तेमाल छोटे व्यवसाय शुरू करने, सिलाई मशीन खरीदने और बेटियों के भविष्य के लिए बचत करने में भी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल प्रशासन का जिक्र करते हुए ई-फाइल प्रणाली, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी भी दी। उन्होंने रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं का उल्लेख किया। कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू सहित जनप्रतिनिधि, मोर माटी सांस्कृतिक संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Tags: