Instagram पर चाकू लहराकर डांस पड़ा भारी दो युवक पहुंचे जेल
रील में दिखाया चाकू पुलिस ने दिखा दिया जेल का रास्ता
Bilaspur बिलासपुर। सोशल मीडिया पर चाकू लहराते हुए डांस करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सकरी थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर सामने आए वीडियो के आधार पर दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू भी जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर Youth Times Digital Media में एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में दो युवक हाथों में चाकू लेकर उन्हें लहराते हुए डांस करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो की जानकारी सकरी थाना पुलिस को मिलने के बाद थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना स्तर पर टीम गठित की गई।
वायरल वीडियो से हुई दोनों की पहचान
पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों युवकों की पहचान के लिए जांच शुरू की। पतासाजी के दौरान दोनों की पहचान सुनील पाल उर्फ बुट्टी और ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, सुनील पाल उर्फ बुट्टी की उम्र 20 वर्ष है और वह बजरंग मोहल्ला वार्ड नंबर-1 का रहने वाला है। वहीं 20 वर्षीय ओम प्रकाश साकर उर्फ बिट्टू बंधवापारा सकरी का निवासी है। दोनों युवकों से वायरल वीडियो के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने वीडियो में चाकू लहराने की बात स्वीकार की।
दो धारदार चाकू जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो धारदार चाकू जब्त किए। मामले में सकरी थाने में अपराध क्रमांक 822/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले लोगों के लिए यह कार्रवाई एक चेतावनी के रूप में देखी जा रही है। सार्वजनिक रूप से हथियारों का प्रदर्शन कर वीडियो बनाना या सोशल मीडिया पर उसका प्रचार करना कानूनी कार्रवाई की वजह बन सकता है।