Bhanupratappur. भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरण की आशंका को लेकर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई। एक ग्रामीण के घर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद गांव में प्रार्थना सभा और धर्मांतरण की चर्चा फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण संबंधित घर के सामने एकत्र हो गए और घर को घेर लिया। सूचना मिलने पर आमाबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, तनाव की स्थिति को देखते हुए घटना के तीन दिन बाद भी गांव में पुलिस बल तैनात है। दरअसल, बड़े तेवड़ा गांव में एक ग्रामीण के घर अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि घर में प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही है और धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं। चर्चा फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां तनाव की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी मिलते ही आमाबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों और घर मालिक के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर भेजा गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
एसडीएम और एडिशनल एसपी ने संभाली स्थिति
तनाव की जानकारी मिलने के बाद अंतागढ़ एसडीएम और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं, संबंधित घर के मालिक ने ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों से अलग बात कही। उसका कहना था कि उसके घर में न तो किसी तरह की प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी और न ही धर्मांतरण से जुड़ी कोई गतिविधि हो रही थी। घर मालिक के अनुसार, उसकी पुत्री का जन्मदिन मनाया जा रहा था और इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंचे थे। हालांकि, ग्रामीणों की ओर से घर में प्रार्थना सभा आयोजित होने और धर्मांतरण की आशंका जताई गई। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों के स्तर पर भी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
कुछ महीने पहले भी हुआ था विवाद
बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरण के आरोप को लेकर कुछ महीने पहले भी विवाद सामने आया था। उस दौरान भी स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी और जिले में कई दिनों तक माहौल तनावपूर्ण रहा था। इसी दौरान गांव में स्थित एक चर्च में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी। पिछली घटना के बाद से ही प्रशासन और पुलिस आमाबेड़ा क्षेत्र में धर्मांतरण से जुड़े मामलों को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। इसी वजह से इस बार भी विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। फिलहाल अधिकारियों की समझाइश के बाद गांव में स्थिति शांत बताई जा रही है। बावजूद इसके किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए तीन दिन बाद भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है। पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
Tags: