पशु चिकित्सा विभाग क्लर्क पर 1.07 करोड़ रुपए गबन का मामला, सस्पेंड

छग

Update: 2026-02-27 15:17 GMT
Surguja. सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग के शासकीय राशि के गबन के मामले में कोतवाली पुलिस ने क्लर्क के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि क्लर्क ने एक करोड़ 7 लाख रुपए से अधिक की राशि शासकीय खातों में जमा नहीं कराई। जांच रिपोर्ट और वित्तीय अनियमितता की पुष्टि के बाद क्लर्क प्रदीप कुमार अम्बष्ट को सस्पेंड कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग अंबिकापुर में पदस्थ क्लर्क प्रदीप कुमार अम्बष्ट पर दो मुख्य मदों में धनराशि जमा न कराने का आरोप है। हितग्राहियों के अंशदान की राशि 44 लाख 54 हजार 700 रुपए उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं के खाते में जमा नहीं कराई गई। वहीं, पशु रोगी कल्याण समिति, सरगुजा के खाते में 63 लाख 29 हजार 640 रुपए जमा नहीं किए गए। कुल मिलाकर यह राशि 1.07 करोड़ रुपए से अधिक बनती है। वित्तीय अनियमितता की आशंका के चलते पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी।

समिति की रिपोर्ट में पाया गया कि विभिन्न विभागीय योजनाओं और जिला पशु रोगी कल्याण समिति की राशि बैंक खातों में नहीं डाली गई। जांच में यह भी सामने आया कि क्लर्क ने अपने बनाए पदमुद्रा का उपयोग करके सी.जी.टी.सी./एम.पी.टी.सी. रसीदें जारी कीं, लेकिन इनकी राशि शासकीय खाते में नहीं पहुंची। बैंक स्टेटमेंट की जांच में इसका कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। उप संचालक डॉ. आरपी शुक्ला ने कोतवाली थाने में आवेदन और जांच समिति की रिपोर्ट सौंपते हुए क्लर्क के खिलाफ आईपीसी की धारा 409 के तहत मामला दर्ज कराया। इसके बाद जिला प्रशासन ने क्लर्क और प्रभारी एकाउंटेंट प्रदीप कुमार अम्बष्ट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। सस्पेंड किए गए क्लर्क को निलंबन अवधि के दौरान मुख्यालय पशु चिकित्सालय मैनपाट में नियत किया गया है। प्रशासन ने उनके खिलाफ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन क्लर्क ने निर्धारित समय में जवाब नहीं दिया। जिला प्रशासन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए कहा कि वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कार्रवाई का उद्देश्य विभागीय धनराशि की पारदर्शिता और जिम्मेदारी सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने अन्य कर्मचारियों को भी सतर्क रहने और विभागीय धन का सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
Tags:    

Similar News