Raipur. रायपुर। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू को संगठन की ओर से 'सदस्यता भूषण सम्मान' से नवाजा गया है। इस सम्मान को प्राप्त करने के बाद मंत्री तोखन साहू ने भावुक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे स्वयं का नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। मंत्री साहू ने कहा, "यह सम्मान मेरी नहीं, हर उस कार्यकर्ता की तपस्या का परिणाम है, जिसने संगठन के विचार को घर-घर पहुँचाया है। यह मेरी नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के आत्मसम्मान और सामूहिक साधना का सम्मान है।" उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के प्रति निष्ठा और जनता के प्रति सेवा भाव ही उनकी प्रेरणा रही है।


उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार जताते हुए कहा, "मैं इस उपलब्धि को समर्पित करता हूँ—उन सभी लोगों को जिन्होंने निस्वार्थ भाव से संगठन के विस्तार में अपना जीवन लगाया है।"तोखन साहू ने अपने वक्तव्य में यह भी जोड़ा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी से कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा, "यह सम्मान न केवल गर्व की बात है, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है, जिससे मुझे और अधिक ऊर्जा के साथ जनसेवा और संगठनात्मक विस्तार के कार्यों में जुटने का अवसर मिलेगा।"कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने श्री साहू को बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।
Tags: