पॉश कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने की 30 लाख की चोरी, मामलें में जांच जारी
छग
Pithora. पिथौरा। नगर से लगे लाहरौद स्थित कर्मचारी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने मंगलवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 30 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर दी। घटना का खुलासा बुधवार शाम तब हुआ जब मकान के मालिक और परिवार के सदस्य घर लौटे और मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक चंद्रशेखर नायक और उनकी पत्नी गुजरात तीर्थ यात्रा पर गए थे। उनकी पुत्री प्रेमलता नायक खाटूश्याम दर्शन के लिए बाहर थीं, जबकि पुत्र राकेश नायक और बहू अंजू नायक रायपुर गए हुए थे। मकान में रहने वाली किरायेदार भी उस रात बाहर थी। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
आरोपियों ने कथित तौर पर मुख्य गेट पर लगे बड़े ताले को ग्राइंडर मशीन से काटकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद घर के भीतर रखी आलमारी को तोड़कर करीब 10 तोला सोने के जेवरात, 150 तोला चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये से अधिक नकदी लेकर फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि कुल नुकसान लगभग 30 लाख रुपये के आसपास है। घर लौटने पर बिखरा सामान और टूटी आलमारी देखकर परिवार सदमे में आ गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कर्मचारी कॉलोनी में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
कुछ महीने पहले पास ही स्थित एक व्यवसायी की कार से करीब 10 लाख रुपये की चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो सका। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने कॉलोनीवासियों में डर और आक्रोश बढ़ा दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रात की गश्त लगभग नहीं के बराबर है, जिसका फायदा शातिर चोर उठा रहे हैं। रहवासियों ने पुलिस से कॉलोनी में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की मांग की है। उनका कहना है कि कॉलोनी में कई घर ऐसे हैं जहाँ परिवारजन अक्सर बाहर रहते हैं, जिससे चोर गिरोह सक्रिय हो रहे हैं। थाना प्रभारी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया, “मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।” पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए सक्रिय कार्रवाई जारी है।