Bemetara. बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। बेमेतरा-कवर्धा मार्ग पर ग्राम ओड़िया पेट्रोल पंप के पास दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में एक ट्रक का हेल्पर योगेश मिश्राम उर्फ टक्कु गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे तत्काल जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

मामले में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 04 PQ 9935 की संचालिका ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने 21 मई 2026 को अशोक लीलैंड कंपनी का उक्त ट्रक इंडोस्टार कैपिटल फाइनेंस लिमिटेड से 4 लाख रुपये में खरीदा था। वाहन का नामांतरण अभी प्रक्रिया में था। ट्रक को करीब एक महीने से चालक दिगम्बर मिश्राम चला रहा था, जबकि उसका छोटा भाई योगेश मिश्राम उर्फ टक्कु उसी ट्रक में हेल्पर का काम करता था।

लकड़ी लेकर शहडोल जा रहे थे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को चालक दिगम्बर मिश्राम अपने भाई योगेश के साथ सरायपाली, जिला महासमुंद से ट्रक में लकड़ी भरकर अमलाई, जिला शहडोल मध्यप्रदेश जाने के लिए निकला था। रास्ते में बसना के पास वन विभाग ने चेकिंग के दौरान ट्रक को रोका था। इसके बाद 4 नवंबर को वहां से रवाना होकर दोनों बेमेतरा होते हुए शहडोल की ओर जा रहे थे।

ओड़िया पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
शिकायत के मुताबिक, 5 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे ट्रक ग्राम ओड़िया स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था। इसी दौरान कवर्धा की ओर से विपरीत दिशा में आ रहा दूसरा ट्रक क्रमांक CG 04 PP 7261 सामने से आ गया। आरोप है कि दूसरे ट्रक के चालक ने वाहन को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक क्रमांक CG 04 PQ 9935 क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में हेल्पर योगेश मिश्राम गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को बाहर निकाला गया और डायल 112 की सहायता से जिला अस्पताल बेमेतरा पहुंचाया गया।

रायपुर रेफर करने के दौरान हुई मौत
घायल योगेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया। चालक दिगम्बर मिश्राम ने फोन पर ट्रक संचालिका को दुर्घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि उसके भाई को गंभीर चोटें आई हैं और उसे रायपुर ले जाया जा रहा है। इसके बाद रात करीब 12 बजे चालक ने दोबारा फोन कर योगेश की मौत की सूचना दी। 6 नवंबर को ट्रक संचालिका मृतक की मां राधिका बाई मिश्राम के साथ मेकाहारा अस्पताल रायपुर पहुंचीं। वहां उन्होंने योगेश का शव देखा। मृतक के पैर, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं। शव पंचनामा की कार्रवाई के दौरान भी वह मौजूद थीं।

क्षतिग्रस्त ट्रक सड़क किनारे मिला
घटना के बाद 7 नवंबर को ट्रक संचालिका बेमेतरा पहुंचीं और ग्राम ओड़िया पेट्रोल पंप के पास दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहां उनका ट्रक क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे खड़ा मिला। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दूसरे ट्रक के चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें वाहन को नुकसान पहुंचने के साथ हेल्पर की जान चली गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए), 106(1) तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 112/183 के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और संबंधित ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
Tags: