भिलाई। नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ विषय पर पेंटिंग बनाएंगे छत्तीसगढ़ राज्य के सुविख्यात चित्रकारगण। उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने अपने निवास में मिलने आए कलाकारों को उनके सामाजिक कार्यों के लिए साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि नक्सलियों के हिंसक कार्यों को बुद्धिजीवी वर्ग द्वारा न सिर्फ राज्य में बल्कि पूरे भारत में प्रदर्शित किया जाना चाहिए ताकि लोग जान सकें कि उनके कारण छत्तीसगढ़ ने क्या नहीं खोया है। इस दौरान ललित कला अकादमी, नई दिल्ली के सदस्य डॉ. अंकुश देवांगन, सुप्रसिद्ध चित्रकार रोहिणी पाटणकर, प्रवीण कालमेघ, गुंजन शर्मा तथा तरुण धोटे उपस्थित थे।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलियों के हिंसक उत्पातों को कैनवास में प्रदर्शित करना प्रासंगिक है जिससे जनसमूह में सत्य का उद्गार होगा। इससे पूरी दुनिया में भी संदेश जाएगा कि बंदूक से किसी समस्या का हल नहीं हो सकता। मुलाकात के दौरान रोहिणी पाटणकर, गुंजन शर्मा और प्रवीण कालमेघ ने गृहमंत्री को बताया कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ विषय पर पेंटिंग बनाने के लिए खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय, कोंडागांव, रायपुर, बस्तर तथा दुर्ग, भिलाई के समस्त कलाकार उत्सुक हैं।
वहीं ललित कला अकादमी समूह से जुड़े हुए प्रख्यात मॉडर्न आर्ट चित्रकार डी.एस. विद्यार्थी, बी.एल. सोनी, मशहूर मूर्तिकार मोहन बराल, मीना देवांगन एवं साहित्यकार मेनका वर्मा ने जानकारी दी है कि इस वर्कशॉप की ऐसी तैयारी चल रही है कि दर्शक लंबे समय तक याद रखेंगे। चर्चा में गृहमंत्री ने अंकुश देवांगन द्वारा लगभग छत्तीस वर्षों से छत्तीसगढ़ के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों को निशुल्क कला सीखाए जाने की मुक्तकंठ प्रशंसा की। जिससे हजारों बच्चों को लाभ मिला है।