रायपुर नॉर्थ जोन में विशेष अभियान, किरायेदारों के दस्तावेज खंगाले
छत्तीसगढ़
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। बुधवार 18 नवंबर 2026 को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर क्षेत्र में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में किरायेदारों का सघन सत्यापन और चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस टीमों ने किरायेदारों के पहचान पत्र, वर्तमान पते और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की। साथ ही मकान मालिकों को किरायेदारों की पूरी जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीसीपी दीपमाला कश्यप के निर्देश पर विशेष अभियान
पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) दीपमाला कश्यप के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पाण्डेय के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर निगम चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की पहचान करना और अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
इसके लिए उत्तर क्षेत्र के अलग-अलग थानों की विशेष पुलिस टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
बीरगांव से दलदल सिवनी तक पुलिस की जांच
अभियान के तहत थाना उरला क्षेत्र के आजाद चौक और गाजी नगर बीरगांव में किरायेदारों का सत्यापन किया गया।
वहीं गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अशोक नगर और विकास नगर, खमतराई थाना क्षेत्र के उरकुरा, पंडरी थाना क्षेत्र के पीएम आवास दलदल सिवनी और खम्हारडीह थाना क्षेत्र के विजय नगर में भी पुलिस टीमों ने सघन जांच की।
इन इलाकों में किराए के मकानों में रहने वाले लोगों की पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया गया।
दूसरे राज्यों से आए किरायेदारों के दस्तावेज जांचे
पुलिस ने अभियान के दौरान अन्य राज्यों और जिलों से रायपुर आकर रह रहे किरायेदारों की जानकारी जुटाई। उनके पहचान संबंधी दस्तावेज, वर्तमान निवास का पता और अन्य आवश्यक जानकारियों की जांच की गई।
पुलिस का उद्देश्य किराए के मकानों में रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करना और किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि पर समय रहते अंकुश लगाना है।
मकान मालिकों को दी गई सख्त समझाइश
पुलिस टीमों ने मकान मालिकों को निर्देश दिए कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों की पूरी जानकारी संबंधित पुलिस थाने में उपलब्ध कराएं।
इसके अलावा बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार नहीं रखने की समझाइश भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।