दोपहिया वाहन चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, 5 वाहन बरामद

छग

Update: 2026-01-13 19:04 GMT
Durg. दुर्ग। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चार स्कूटी और एक बाइक सहित कुल पांच दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 2 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कैलाश देवांगन (36 वर्ष), निवासी रावणभाटा चौक, नगपुरा चौकी क्षेत्र ने 11 जनवरी की रात अपनी बाइक क्रमांक CG 07 LR 6067 को घर के बाहर लॉक कर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे जब वे बाहर निकले तो बाइक वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने और रिश्तेदारों से पूछताछ के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने पुलगांव थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को खिलेश्वर ठाकुर नामक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बाइक चोरी सहित अन्य दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने नगपुरा क्षेत्र से बाइक चोरी की थी। इसके अलावा बस स्टैंड, नेहरू नगर बलौदाबाजार, सुपेला मार्केट और इंदिरा मार्केट दुर्ग से होंडा एक्टिवा स्कूटी चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद वह वाहनों को पुलगांव थाना क्षेत्र के कोटनी बाजार पारा में अपने नाना-नानी के घर के पास बबूल के पेड़ के नीचे छिपाकर रखता था, ताकि किसी को शक न हो। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर एक बाइक और चार स्कूटी बरामद की, जिनमें से एक स्कूटी बिना नंबर प्लेट की थी। चौकी प्रभारी राजकुमार देशमुख ने बताया कि सभी बरामद वाहनों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। आरोपी खिलेश्वर ठाकुर के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते अपराधों पर रोक लगाई जा सके।
Tags:    

Similar News