मर्सिडीज हादसे के बाद ट्रक चालक ने दी जान, परिजनों ने उठाए पुलिस जांच पर सवाल
छग
Dantewada. दंतेवाड़ा। बंजारिन घाट में हुए ट्रक और मर्सिडीज कार हादसे के बाद ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू की आत्महत्या का मामला अब विवादों में घिर गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए मामले में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कार मालिक और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों ने चालक के साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, 11 मई को दंतेवाड़ा जिले के बंजारिन घाट क्षेत्र में ट्रक और मर्सिडीज कार के बीच टक्कर हुई थी। हादसे में मर्सिडीज कार को मामूली नुकसान पहुंचा था। ट्रक चालक ताम्रध्वज साहू महासमुंद जिले का निवासी था और रायपुर के ट्रांसपोर्टर लक्ष्मण गणपत राम कुमावत के स्वराज माजदा वाहन को चला रहा था। परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार मालिक सागर हेमला और उसके साथ मौजूद चार अन्य लोगों ने चालक के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उस पर कार के नुकसान के बदले एक करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया गया। लगातार मानसिक तनाव और धमकियों से परेशान होकर ताम्रध्वज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक लाइव के माध्यम से अपनी परेशानी साझा की थी। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना के समय ताम्रध्वज के साथ उसका रिश्तेदार हेमसिंह साहू भी मौजूद था। हेमसिंह ने पुलिस को दिए बयान में भी मारपीट और धमकी देने की बात कही है। परिवार का आरोप है कि पुलिस ने केवल कार मालिक सागर हेमला के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच नहीं की गई। मृतक की मां हिरोदी साहू ने बताया कि उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे ने मौत से पहले अपने भाई को पूरी घटना के बारे में बताया था और कहा था कि उसके साथ मारपीट की गई है। परिवार ने थाना गीदम में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कार्रवाई सीमित दायरे में हुई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए कुछ वीडियो बाद में डिलीट कर दिए गए। उनका कहना है कि घटना के बाद मोबाइल पुलिस के पास था, इसलिए वीडियो डिलीट होने की जांच जरूरी है। उन्होंने मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। मृतक के चाचा पवन साहू ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि मृतक के वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है। विवेचना अधिकारी रामकुमार श्याम ने बताया कि आत्महत्या के मामले में कार मालिक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों वाहनों को जब्त नहीं किया गया क्योंकि प्रकरण आत्महत्या से जुड़ा था। दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरके बर्मन ने बताया कि मामले में फिलहाल सागर हेमला की गिरफ्तारी हुई है। उन्होंने कहा कि विवेचना जारी है और मोबाइल से डिलीट हुए वीडियो की जांच के लिए उसे फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।